गुड़गांव में स्थित शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रही श्रद्घालुओं से भरी बोलेरो की कैंटर से भिड़ंत हो गई। हादसे में दो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 श्रद्घालु घायल हो गए। घायलों को राहगीरों और पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया है। कैंटर चालक हादसे के बाद मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे भिवानी के गांव झांझराटोडा से बोलेरो में करीब 14 सदस्य नवरात्रों के दिनों में माता के दर्शनों के लिए गुड़गांव में स्थित शीतला माता के मंदिर जा रहे थे। श्रद्घालु अभी झज्जर शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर गुड़गांव रोड पर याकुबपूर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे कैंटर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि मौके पर ही डेढ़ वर्षीय विराट व 60 वर्षीय शांती देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।