हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक जेई और एसडीओ द्वारा ठेकेदार से खुलकर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। यह रिश्वत बिल बनने के बाद नहीं, बिल बनने से पहले ही देने को कहा गया। परेशान ठेकेदार ने जेई और एसडीओ की ये धौंसनुमा बातचीत रिकॉर्ड कर ली है।
मामले की शिकायत आईजी पुलिस से लेकर डीएसपी तक भी है, लेकिन ऑडियो रिकॉर्डिंग होने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। ऑडियो रिकॉर्डिंग में साफ है कि जेई ठेकेदार सुनील से पूरे पैसे नहीं मिलने तक बिल नहीं बनाने की बात कह रहा है। वहीं एसडीओ 2 लाख 85 हजार के बिल की एवज में 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
हुडा ने कराई थी सीवर की सफाई
बहादुरगढ़ में भ्रष्टाचारी अधिकारियों की ऑडियो तक पुलिस और अधिकारियों तक पहुंच गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर जीरो ही नजर आया है। हुडा बहादुरगढ़ में जेई ने ठेकेदार सुनील से सेक्टर 6, 7, और 2 में सीवरेज की सफाई का काम करवाया।
सुनील ने बताया कि काम के बदले बिल बनवाने के लिए वह जेई से मिन्नतें करता रहा, लेकिन जेई ने रिश्वत पूरी नहीं मिलने तक बिल नहीं बनाने की जिद कर ली। इसलिए मजबूर होकर उसने जेई से बातचीत की ऑडियो रिकॉर्ड कर ली। ऑडियो में जेई कह रहा है कि बिल तो बाद की बात है, पहले जो जुबान हुई है वो पूरी करो। ठेकेदार कहता है कि जब कोई पैसा ही नहीं आएगा तो कहां से दूंगा।
जेई ने कहा कि पहले तो कह रहे थे कि चाहे कहीं अंगूठा टेककर लाएं, लेकिन आपके लिए लाकर देंगे ये भी तो कहा था। जेई ने ये भी माना की पहले पैसे दिए हैं, लेकिन पूरे पैसे बाकी है। ऑडियो में जेई साफ कहता है कि पैसे देगा तो बिल बनेगा। दिवाली से पहले हुई इस रिकॉर्डिंग में जेई ये भी कहता है कि पहले तय हुई रिश्वत की रकम दो और अपना बिल दिवाली के गिफ्ट के तौर पर ले जाना।
तीन लाख बिल पर मांगे 50 हजार
हुडा ऑफिस में सिर्फ जेई नहीं बल्कि एसडीओ द्वारा भी खुलेआम रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। ठेकेदार सुनील से ही एमआईई में करवाए गए एक काम के बदले में एसडीओ द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है, जबकि उस काम के एवज में बिल महज 2 लाख 85 हजार रुपये का ही बना था। ठेकेदार कहता रहा कि सर ज्यादा है, लेकिन एसडीओ साहब टस से मस नहीं हुए।
अधिकारियों ने आरोपों से किया इन्कार
जेई और एसडीओ को रिश्वत देने के बाद भी बिल नहीं बना तो मजबूरन ठेकेदार ने इसकी शिकायत आईजी को कर दी। जहां से होते हुए शिकायत कार्रवाई के लिए डीएसपी बहादुरगढ़ तक पहुंची। डीएसपी धीरज कुमार का कहना है कि इस मामले की उन्होंने जांच कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं ऑडियो में रिश्वत मांगते सुनाई दे रहे हुडा बहादुरगढ़ के जेई ने ये तो स्वीकार लिया कि ऑडियो में उसकी आवाज है, लेकिन रिश्वत मांगने और लेने से इन्कार कर दिया। एसडीओ ने भी रिश्वत मांगने से इन्कार किया है।