अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। सदर थाना के अंतर्गत बादली क्षेत्र के गांव खेड़ी आसरा में झज्जर से छापामारी के लिए पहुंची बिजली निगम की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। चेकिंग के बाद जब टीम आगे बढ़ी तो 10-15 लोगों ने गाड़ी को घेर लिया और ईंट-पत्थर बरसा दिए। लाठियों से भी हमला किया गया। ड्राइवर से पैसे और सोने की चेन छीनने का भी आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ सदर थाना पुलिस ने उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के झज्जर शहर उपमंडल के एसडीओ की शिकायत पर कार्रवाई की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार को दोपहर के समय जेई अनिल कुमार, सुमित कुमार, राजबीर फोरमैन, सहायक लाइनमैन प्रवीन कुमार व मुख्य सिपाही अमरपाल निगम की गाड़ी में सवार होकर खेड़ी आसरा गांव में चेकिंग के लिए गए थे। गाड़ी को ड्राइवर संजीव चला रहा था। आरोप है कि एक घर में चेकिंग के बाद निगम की टीम आगे बढ़ी तो अज्ञात व्यक्ति ने आकर अपनी बाइक गाड़ी के सामने अड़ा दी। उसने निगम की टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। गाड़ी के शीशे पर प्रहार कर उसे तोड़ डाला। इसके बाद जब टीम वहां से निकलने लगी तो गांव के ही 10-15 अन्य लोग भी आग गए और गाड़ी को घेर लिया। ईंट-पत्थरों से गाड़ी पर हमला कर दिया गया। उनमें से एक ने लाठी से हमला किया। लाठी ड्राइवर संजीव के कान पर लगी। बाकी टीम के साथ मारपीट की गई। एसडीओ का कहना है कि हमलावरों ने ड्राइवर संजीव से उसके 10 हजार रुपये और सोने की चेन भी छीन ली। यह चेन लगभग 75 हजार रुपये की है। इसके बाद उक्त लोग फरार हो गए। टीम ने मौके पर रिकार्डिंग भी की है।
गांव में नहीं पकड़ी गई थी चोरी
बिजली निगम की टीम कई दिन से चेकिंग अभियान चला रही थी। शुक्रवार को बिरधाना गांव में बिजली चोरी के दो मामले पकड़े गए थे। शनिवार को टीम खेड़ी आसरा गई थी। यहां एक-दो घरों को ही चेक किया गया था। उनमें चोरी नहीं मिली थी। जब टीम माहौल देखकर निकलने लगी, तभी टीम पर हमला हो गया। ग्रामीणों से घिरे बिजली कर्मचारी किसी तरह बचकर भागे और बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी कर्मचारियों की मेडिकल जांच की। जिनको जरूरत थी उनको प्राथमिक चिकित्सा भी दी गई। ड्राइवर को पुलिस की ओर से मामले के जांच अधिकारी एसआई रमेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।