रुपयों से भरा पर्स छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 25 एटीएम कार्ड बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। एटीएम से पैसे निकलवाकर खरीददारी के लिए बाजार जा रही महिला से पर्स छीनने के आरोपी स्विफ्ट सवार दो युवकों को पुलिस ने काबू कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ही सिटी थाना पुलिस ने आरोपियों से 25 एटीएम के अलावा पासबुक, दो मोबाइल व अन्य दस्तावेजों सहित स्विफ्ट गाड़ी बरामद कर ली है। दोनों आरोपी यूपी के सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं। रविवार सुबह पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है।
शुक्रवार शाम सिटी थाना पुलिस को झज्जर जिले के गांव गोधड़ी निवासी कविता ने छीना-झपटी की शिकायत सौंपी थी। महिला ने बताया था कि शुक्रवार को वह अपने गांव से खरीददारी करने दादरी शहर आई थी। बस से उतरने के बाद उसने एक एटीएम से दस हजार रुपये निकलवाई और बाजार जा रही थी। अभी वह कुछ कदम ही चली थी कि इसी दौरान दो युवक आए स्विफ्ट गाड़ी से उतरकर उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। महिला ने बताया कि पर्स में ही उसने दस हजार रुपये रखे थे। महिला ने बताया कि पर्स छीनने वाले आरोपी ने गुलाबी टी-शर्ट व नीली जींस की पेंट पहनी हुई थी। पुलिस ने देर रात ही इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
शनिवार दोपहर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक स्विफ्ट गाड़ी रावलधी टी-प्वाइंट के समीप काफी समय से खड़ी है। इसके तुुरंत बाद एसआई योगेंद्र के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जगजीत, कांस्टेबल विनोद व संदीप की टीम संभावित जगह पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर स्विफ्ट सवारों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया लेकिन टीम ने उन्हें गाड़ी सहित काबू कर लिया। इसके बाद उन्हें थाने लाया गया और उनकी व गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को अलग-अलग बैंकों के 25 एटीएम कार्ड, दो पासबुक, दो मोबाइल भी बरामद हुए। आरोपियों की पहचान यूपी के सहारनपुर जिले के गांव गंगू निवासी सोमपाल व सहारनपुर जिले के गांव गूवा खेड़ा निवासी कल्याण के रूप में हुई। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ चल रही है।
एटीएम कार्ड बदलने में माहिर हैं आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कल्याण व सोमपाल ने बताया कि वो एटीएम केबिन में जाकर एटीएम कार्ड बदलते थे। उनका निशाना खासकर महिलाएं व बुजुर्ग ही होते थे। आरोपियों ने बताया कि एटीएम में पहुंचकर वो चतुराई से कार्ड बदलकर लोगों को दूसरा कार्ड दे देते थे। आरोपियों के पास से सबसे अधिक एटीएम पीएनबी बैंक के मिले हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यूपी के सहारनपुर जिला निवासी सोमपाल व कल्याण को काबू कर लिया है। गोधड़ी निवासी महिला से इन्होंने पर्स छीनने की वारदात कबूल कर ली है। दोनों को रविवार सुबह पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।
- गौरव कुमार, सिटी थाना प्रभारी