अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव जसोरखेड़ी के नजदीक रविवार की सुबह एक कैंटर और टैंपो में टक्कर हो गई। इस हादसे में टैंपो चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। घायल को बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के बयान पर पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जसोरखेड़ी के निवासी अजीत ने कहा है कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। रविवार की सुबह वह किसी काम के सिलसिले में बहादुरगढ़ जा रहा था। करीब पौने छह बजे वह गांव से निकलकर हुडा माइनर तक पहुंचा ही था कि सामने से तेज गति में आ रहे एक कैंटर से उसके वाहन की टक्कर हो गई। कैंटर से सीधी टक्कर लगने के कारण उसे काफी चोटें आई। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे संभाला और बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। अजीत ने कैंटर चालक पर लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आसौदा चौकी प्रभारी एसआई सुनील कुमार ने कहा कि घायल के बयान पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही कैंटर चालक को काबू कर लिया जाएगा।
कैंटर और टैंपों में भिड़ंत, एक घायल
गांव जसोरखेड़ी के नजदकी हुआ हादसा