पवारा थाना क्षेत्र के दरबपुर में हादसे में छात्रा की मौत के बाद चक्काजाम करते लोग।
मछलीशहर/धर्मापुर। जिले के पवारा थाना क्षेत्र के दरबपुर गांव के पास रविवार की सुबह करीब दस बजे ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने घटना स्थल पर जाम लगा दिया। डेढ़ बजे से ढाई बजे तक कुल एक घंटे तक जाम चला जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। दूसरी दुर्घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पचहटिया के निकट शनिवार की रात हुई जिसमें बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
पवारा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी प्रताप बहादुर पटेल की पुत्री बबिता पटेल (16) कक्षा दसवीं की छात्रा थी। वह सरायबीका बाजार में स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ती थी। रविवार की सुबह वह कोचिंग से घर लौट रही थी। घर लौटते समय साइकिल से सुबह करीब दस बजे वह दरबपुर गांव के पास पहुंची थी तभी पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बीएचयू जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर सीधे घर पहुंचे। छात्रा की मौत से नाराज लोगों ने दरबपुर गांव के पास मधुपुर सरायबीका मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि जौनपुर रायबरेली हाईवे पर पवारा के पास टोल टैक्स से बचने के लिए तमाम भारी वाहन सरायबीका-मधुपुर मार्ग से होकर आते जाते हैं। पुलिस इस पर रोक लगाती तो यह हादसा नही होता। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम को समाप्त कराया। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को इस बात का भरोसा दिया कि भारी वाहनों को इस मार्ग से आने जाने पर सख्ती से पाबंदी लगाई जाएगी।
उधर, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पचहटिया के निकट प्रसाद स्कूल के पास शनिवार की रात बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। धर्मापुर निवासी जितेंद्र निषाद (35) शहर में स्थित एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर था। रात में वह ड्यूटी से घर जा रहा था। वह पचहटिया के पास पहुंचा था तभी बोलेरो की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।