अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 स्थित एक जूता फैक्टरी में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार प्लॉट-206 में ग्लेक्सी फुटवीयर फैक्टरी है। इसमें कोलंबस शूज का अप्पर तैयार किया जाता है। सोमवार दोपहर अचानक फैक्टरी की छत पर बने गोदाम में आग लग गई। हल्की चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते कुछ देर में भीषण रूप ले लिया और गोदाम में रखे तैयार व कच्चे माल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी जबरदस्त थी कि कई किलोमीटर दूर-दूर तक आसमान में काला धुआं दिखाई दे रहा था। आग बुझाने के लिए बहादुरगढ़ के अलावा दिल्ली से भी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची।
कई घंटों की मशक्कतों के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। फैक्टरी में भीषण आग देखकर आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि जिस वक्त गोदाम में आग लगी, उस वक्त उसमें कोई नहीं था। अन्यथा हादसा बड़ा रूप भी ले सकता था। फैक्टरी मालिक मोहन मनोचा की मानें तो आग से करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
देर से पहुंची फायर ब्रिगेड
गोदाम में रबड़, रेक्सीन आदि ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। जिसकी फैक्टरी कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन दमकल कर्मी काफी देरी से पहुंचे। तब तक फैक्टरी के कर्मचारी खुद ही अग्निश्मन यंत्रों के जरिये आग बुझाने में जुटे रहे। काफी देर बाद जब दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची तो आग बुझाने का काम शुरू हुआ। लेकिन तब तक काफी माल जलकर राख हो चुका था। उधर, फायर ब्रिगेड कर्मी अशोक की मानें तो सूचना मिलते ही गाड़ियां घटनास्थल की ओर रवाना हो गई थी। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों व नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सकता है।
- हल्की चिंगारी से लगी आग, 30 लाख का तैयार और कच्चा माल खाक
- फैक्टरी कर्मियों का आरोप सूचना देने के काफी देर बाद पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी