गाड़ी के आगे कार लगाकर आंखों में मिर्च डाल लूट ले गए 19 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी/धारूहेड़ा।
धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट कंपनी के दो कर्मचारियों और गार्ड की आंखों में मिर्च डालकर बदमाश 19 लाख रुपये लूट ले गए। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात में कार सवार बदमाश जाते-जाते गार्ड की बंदूक भी छीन ले गए। सूचना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी भी कराई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गाड़ी के आगे लगाई कार
जानकारी मुताबिक धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट कंपनी का ऑफिस है। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कंपनी कर्मचारी खेमचंद अन्य साथी कर्मचारी और गार्ड रतन सिंह के साथ गाड़ी में करीब 19 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए निकले थे। रतन सिंह के मुताबिक ऑफिस से कुछ दूर आगे चलते ही पीछे से एक आई-20 कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर गाड़ी रुकवाई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता युवकों ने मिर्ची पाउडर तीनों की आंखों में डाल दिया। इसके बाद मारपीट कर उसकी बंदूक और 19 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
रविवार की छुट्टी के चलते था दो दिन का कैश
कंपनी कर्मचारी खेमचंद ने बताया कि रविवार होने के चलते बैंक की छुट्टी थी। इसके चलते कंपनी मेें दो दिन का कैश इकट्ठा हो गया था। सोमवार को भी नकदी जमा कराने रेवाड़ी बैंक में आ रहे थे। ऑफिस के निकट ही पीछे से आए युवकों ने नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना के तुरंत बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिले की सीमा पर नाकाबंदी भी की गई, लेकिन पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लगी और बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए।
बदमाशों के बारे में सुराग लगाया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। -गजेंद्र कुमार, डीएसपी, हेडक्वार्टर