झज्जर। कुलाना चौक के पास एक कैंटर ने ट्रैक्टर व तूड़ा बनाने वाले रैपर को टक्कर मार दी। जिससे तीन युवक घायल हो गए। घायलों को रेवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनके परिजन इलाज के लिए पंजाब के पटियाला ले गए। जहां से चिकित्सकों ने एक की गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर माछरौली पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगदीप सिंह पुत्र हरमेल सिंह निवासी गुरबख्शपुरा जिला संगरुर (पंजाब) ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि वह अपने गांव से काम करने के लिए दयानंद निवासी डंडारी (बिहार) व किसुंधरराम पुत्र रामजीराम गांव मसाहां नरोत्तम बिहार के साथ अपना ट्रैक्टर व रैपर तूड़ी बनाने वाली मशीन को लेकर पाटोदा में जा रहे थे। जब वे माछरोली गांव से निकलकर कुलाना चौक के पास पहुंचे तो पीछे से एक कैंटर ने ट्रैक्टर व रैपर को सीधी टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर सड़क के बीच में पलट गया और वे उसके नीचे दब गए। राहगीरों ने तीनों को घायल अवस्था में रेवाड़ी के विराट हॉस्पिटल में दाखिल कराया। यहां से उनके परिजन उन्हें पटियाला के एक अस्पताल (पंजाब) में ले गए। जहां दयानंद को छुट्टी दे दी गई व किसुंधरराम को ज्यादा चोट होने के कारण उसको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। घटना के बाद कैंटर चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
घायल जगदीप सिंह के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी का सुराग लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- प्रवीन कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना माछरौली।