अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। एचएल सिटी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दरअसल, बाईपास स्थित एचएल सिटी परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी बड्डे रजक भी परिवार सहित यहां मजदूरी करता है। मंगलवार की दोपहर वह और उसका बेटा दीपक (19) काम में लगे हुए थे। दोपहर करीब दो बजे दीपक पानी की बोतल लेने गया था। पानी लेकर जब वह लौट रहा था तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इस हादसे में सिर कुचले जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शव को नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी राजू ने कहा कि मृतक के पिता के बयान पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।