शादी समारोह में आए युवक को कुत्ते ने काटा, विरोध जताने पर चलाई गोली
सिरसा। शहर के हुडा सेक्टर 20 में कुत्ते के काटने को लेकर हुए विवाद में कुत्ते के मालिक ने उलाहना देने वाले युवक पर गोली चला दी। गनीमत से गोली युवक के बिलकुल पास से निकल गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया है
जानकारी के अनुसार गांव दड़बा कलां निवासी विवेक सोमवार सुबह सिरसा के हुडा सेक्टर 20 मेें अपने परिचित के विवाह समारोह में आया हुआ था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसपर हमला करते हुए उसे कई जगहों पर काट लिया। विवेक कुत्ते के पीछे डंडा लेकर भागा तो कुत्ता हुडा सेक्टर मकान नंबर 404 में घुस गया। विवेक ने कुत्ते को डंडा मारा तो मालिक मुनीष शर्मा आग बबूला हो गया। इसके बाद विवेक व मुनीष के बीच कुत्ते के काटने को लेकर बहस शुरू हो गई। पुलिस को दिए बयान में विवेक का आरोप है कि बहस के दौरान गुस्से में आकर कुत्ते के मालिक मुनीष शर्मा ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और उसे जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। गोली उसके पास गुजरकर आगे निकल गई। इसके बाद विवेक ने हुडा पुलिस चौकी जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुनीष शर्मा के खिलाफ मारने की नीयत से गोली चलाने के तहत धारा 307 के तहत अभियोग दर्ज कर लिया।
कोट्स
दड़बा कलां निवासी विवेक सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए हुडा सेक्टर 20 आया हुआ था। यहां पर उसे एक कुत्ते ने काट लिया। विवेक ने शिकायत दी है कि कत्ते के मालिक मुनीष शर्मा ने उसपर गोली चला दी। आरोपी मुनीष के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मुनीष का कहना है कि वह कुत्ते का मालिक नहीं है, ये कुत्ता लावारिस था।
सुखजीत सिंह, थाना प्रभारी सिविल लाइन