अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
छारा बाईपास के निकट कैंटर व ट्रक में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कैंटर चालक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआईएमएस रोहतक रफर कर दिया।
शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश निवासी इकबाल ने बताया कि वह एक कंपनी की गाड़ी पर 7-8 महीने से चालक के तौर पर कार्यरत है। गत दिवस वह राजस्थान से गाड़ी खाली करके वापस सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) लौट रहा था, जब वह सुबह करीब चार बजे झज्जर-सांपला रोड पर छारा बाईपास निकट पहुंचा तो सांपला की ओर से आ रहे एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके कैंटर में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कैंटर रोड से संतर की तरफ पलट गया और वह केबिन फंस गया। दूसरे वाहन चालकों ने उसे किसी तरह केबिन से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया। जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने रोहतक पीजीआइएमएस रेफर कर दिया। घायल चालक ने इस दुर्घटना के लिए ट्रक चालक को जिम्मेवार ठहराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।