चरखी दादरी। झोझूकलां क्षेत्र से बधाई लेकर बौंदकलां लौट रहे किन्नरों की गाड़ी कमोद गोशाला के समीप ओवरटेक के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार दो युवक और पांच किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए। सातों घायलों में से पांच को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया जबकि दोनों घायल युवक भी उनके साथ पीजीआई चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बौंदकलां निवासी किन्नर संजना (30), मनीषा (17), सोनिया (25), निकिता(23), पूजा (25) मंगलवार को उस्मान और शहनवाज सहित झोझूकलां क्षेत्र में बधाई लेने गए थे। करीब पौने आठ बजे ये वापस बौंदकलां जाने के लिए अपनी इको गाड़ी में सवार होकर चले थे। रावलधी गांव से निकलकर जब वो कमोद गोशाला के समीप पहुंचे तो उन्होंने एक ट्रक से ओवरटेक करने का प्रयास किया। सिविल अस्पताल पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आने पर इको चालक अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। घटना में इको सवार सातों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने इन्हें गाड़ी से बाहर निकाला और उपचार के लिए चरखी दादरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक आशीष मान ने प्राथमिक उपचार के बाद पांचों किन्नरों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहीं, घटना में घायल उस्मान और शहनवाज भी उनके साथ पीजीआई चले गए। डॉ. आशीष ने बताया कि संजना की हालत ज्यादा नाजुक है। पांच एंबुलेंस में घायलों को रेफर किया गया है।