शराब के ठेके से नकदी, शराब और मोबाइल लूटा
झज्जर। कार में सवार होकर आए तीन युवक गुढ़ा बाईपास के पास स्थित एक शराब के ठेके से सेल्समैन को धमकी देकर करीब चार हजार रुपये, चार बोतल शराब और मोबाइल फोन लूट ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए काफी प्रयास भी किए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार श्याम लाल पुत्र गंगाराम मार्य निवासी गांव कत्यान खेडा जिला हरदोई उत्तर प्रदेश ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह गुढ़ा बाईपास पर अंग्रेजी शराब के ठेका पर सेल्समैन की नौकरी करता है। उसने रात 10.30 बजे ठेका बंद कर दिया था और वह अंदर लेटा हुआ था। रात करीब 11.30 बजे कार में 3 आदमियों ने ठेके का शटर खुलवाया और कहा कि उन्हें बीयर की पेटी लेनी है तो उसने ठेके का गेट खोल दिया। वे तीनों लड़के ठेके के अंदर आ गए और जबरदस्ती ठेके के गल्ले से करीब 3-4 हजार रुपये, अंग्रेजी शराब की 4 बोतल और मोबाइल छीनकर कार में बैठ गए और रोहतक रोड कि तरफ भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मामले सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और सेल्समैन के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत प्रभाव से मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने सेल्समैन के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
- राजेश कुमार, पुलिस चौकी प्रभारी, शहर झज्जर।