अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह को एसटीएफ की टीम ने काबू किया है। लूट की योजना बनाते समय गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के पास से चार हथियार तथा एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस की टीम द्वारा पांचों को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया है।
एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम रोड पर नौरंगपुर गांव के पास पांच युवक लूट की योजना बनाकर किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इस पर एसटीएफ टीम के इंस्पेक्टर संदीप धनखड़ की टीम ने मौके पर छापा मारकर सोमवार रात करीब साढे़ 8 बजे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान राकेश उर्फ कल्लू पुत्र जिले सिंह निवासी कमास खेड़ा जिला जींद, सुनील उर्फ सिंड पुत्र सुरता निवासी मानहेरू जिला भिवानी, दीपक उर्फ मोटू पुत्र संजय निवासी दादरी तोए जिला झज्जर, साहिल उर्फ हंटर पुत्र शीशराम निवासी दादरी तोए जिला झज्जर तथा सुरेंद्र उर्फ भोंदू पुत्र धनपत निवासी दादरी तोए के तौर पर हुई है।
आरोपियों के पास ये हथियार बरामद
आरोपियों के पास से पांच अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इसमें एक पिस्टल 9 एमएम, एक पिस्तौल 32 बोर, दो पिस्तौल 315 बोर तथा छह कारतूस व एक चाकू शामिल हैं। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान 18 वारदातों का खुलासा किया है।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
1. 30/31 जनवरी 2019 को राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही साथी दीपक पुत्र रोहताश निवासी कमास खेड़ा का मर्डर डॉक्टर भरत सिंह वासी दादरी तोए के घर में किया व दीपक की लाश को खुर्द-बुर्द कर दिया था। दीपक हिसार पुलिस का 25000 रुपये का मोस्टवांटेड अपराधी था।
2. करीब 3 माह पूर्व राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल के बल पर गांव भैनी चंद्रपाल के पास से जीरी से भरे हुए कैंटर को छीना था।
3. करीब दो माह पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल के बल पर भिवानी जिले के गांव जुई के पास से पेट्रोल पंप से दस हजार रुपये व पेट्रोल से भरी हुई करीब 10 केन लूटी थी।
4. करीब 3-4 महीने पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल के बल पर हिसार जिले के गांव बास खांडा के पास से एक रिट्ज कार, पैसे और मोबाइल छीने थे।
5. करीब 3-4 महीने पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल के बल पर महम बाईपास से एक जीरी का भरा ट्रक छीना था।
6. करीब 20-25 दिन पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर खेड़ी महम में रात के समय परचून की दुकान में शटर तोड़ कर चोरी की थी।
7. करीब 20-25 दिन पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव खरक बैसी से रात के समय मोबाइल की दुकान का शटर तोड़ कर चोरी की थी।
8. करीब 1 माह पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल के बल पर गांव पुट्ठी और बेडवा के बीच एक रिट्ज कार व नगदी छीनी थी।
9. 2018 में राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्पेसियो गाड़ी से थूरना साइड में गैस कटर की मदद से एक एटीएम काटने की कोशिश की, लेकिन कटा नहीं तो गांव सोरखी मे एक बैंक मे लूट की नीयत से घुसे। यहां पर लॉक खोलने की कोशिश की पर कामयाब नहीं हुए तो हवाई फायर किया और वहां से भाग गए।
10. करीब 3-4 माह पूर्व राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव माली जुलाना से एक भैंस चोरी की थी।
11. करीब 3-4 महीने पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरमाना के नजदीक से एक भैंस चोरी की थी।
12. करीब 1 महीने पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुंढाल और हांसी के बीच सड़क पर बनी लेडिज कपड़ों की दुकान से शटर तोड़कर चोरी की थी।
13. करीब 3-4 माह पूर्व राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर बौंद से एक भैंस चोरी की थी।
14. करीब 4-5 महीने पहले राकेश उर्फ कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव काहनौर से एक भैंस चोरी की थी।
15. बैंसी गांव के पास आयशर कैंटर चालक से 15 हजार रुपये छीने।
16. 2018 में सोरखी स्कूल से एक बाइक चोरी की।
17. तीन माह पूर्व दीपक उर्फ मोटू ने अपने साथियों के साथ दादरी तोए गांव निवासी मीना का मर्डर कर शव खुर्द-बुर्द किया था।
18. पांच फरवरी को साहिल ने दादरी तोए निवासी शीतल के घर में चोरी की थी।
लूट का योजना बनाते समय गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के पास से चार अवैध हथियार तथा एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस टीम द्वारा पांचों को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों ने 18 वारदातों का खुलासा किया है।
संदीप धनखड़, इंस्पेक्टर, एसटीएफ।