हरियाणा से बाइक चोरी कर यूपी बेचने जा रहा युवक दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। चोरी की बाइक को यूपी में बेचने जा रहे युवक को सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बाइक बरामद कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी पर पहले भी बाइक चोरी के दो केस दर्ज है। सीआईए वन के एएसआई जसबीर सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि बाड़ी माजरा पुल से चोरी की बाइक को लेकर एक युवक उत्तर प्रदेश जाने वाला है। हैड कांस्टेबल सुरेंद्र की टीम ने बाड़ी माजरा पुल पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। वाहनों की जांच के दौरान कुछ देर बार एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोक की जांच की तो जिस बाइक पर वह सवार था, वह चोरी की बाइक निकली। आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव रणनयाला दयालपुर निवासी अरुण के रूप में हुई। आरोपी के पास से जो बाइक बरामद की गई वह उसने एक जुलाई 2018 को छछरौली से चोरी की थी। आरोपी पर पहले भी उत्तर प्रदेश व हरियाणा में दो मामले बाइक चोरी के दर्ज है। जो कोर्ट में विचाराधीन है।