शराब ठेके को हटवाने पहुंची छुड़ानी गांव की महिलाएं
बादली। उपमंडल के गांव छुड़ानी की महिलाओं ने शनिवार एकत्रित होकर शराब ठेके के बाहर प्रदर्शन किया। शनिवार दोपहर को गांव की महिलाएं ठेके के बाहर पहुंची और ठेका बंद करने की मांग की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाया। गांव की महिलाएं दोपहर को जब शराब के ठेके पर पहुंची। महिलाओं को देखकर शराब कारिंदे ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बादली से पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाया। करीब एक घंटे के बाद महिलाओं ने पुलिस की मानते हुए ठेके से हटने की बात मानी।
ग्रामीण महिला अंगुरी, ओम, ओमवती और कृष्णा ने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी भी सूरत में गांव के अंदर शराब का ठेका नहीं चाहिए। शराब का ठेका गांव में होने में से युवा भ्रमित हो रहे हैं। शराबियों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। गली और मोहल्ले में शराबियों को जमावड़ा लगा रहता है जबकि वह गांव में शराब बिक्री के खिलाफ है और पिछले काफी दिनों से शराब ठेके का विरोध कर रही है। वहीं गांव के सरपंच सत्ते का कहना है कि वह शराब ठेका हटवाने में गांव की महिलाओं के साथ है और इस मामले में सोमवार को जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन दिया जाएगा।
सोमवार को डीसी से मिलेंगी
छुड़ानी गांव की महिला बबली, अंजू, शर्मिला, सुमन, सुनीता, संतरा ने बताया कि बार बार मांग के बाद भी गांव से शराब ठेका नहीं हटवाया जा रहा है। अब सभी महिलाएं एकत्रित होकर सोमवार को झज्जर में जिला उपायुक्त से मिलेंगी। महिलाओं का कहना है कि गांव के विकास में सबसे जरूरी है कि गांव में शराब की बिक्री बंद की जाए।
एक माह पहले जताया था विरोध
23 जनवरी को भी उन्होंने शराब ठेके को लेकर विरोध प्रकट किया था। उस समय दो दिनों में ठेका बंद करने का आश्वासन दिया गया जबकि एक माह बीत जाने के बाद भी ठेके को बंद नहीं किया गया है। बार-बार मांग करने के बाद भी शराब ठेके को बंद नहीं करने से महिलाओं में दिनों दिन गुस्सा बढ़ता जा रहा है।