अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के बालोर रोड स्थित सचिवालय से चंद कदम की दूरी पर हरियाणा ग्रामीण बैंक को एक अज्ञात शख्स ने आधी रात को निशाना बनाने का प्रयास किया। वह बैंक के मुख्य गेट के तीन तालों में से दो को तो तोड़ पाया, लेकिन मुख्य ताले को तोड़ने में नाकाम रहा। ऐसे में बैंक में रखा कैश व अन्य सामान सुरक्षित बच गया। बैंक में चोरी के प्रयास करने की सूचना मिलने पर थाना सदर प्रभारी जसबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। बैंक के ताले तोड़ने से लेकर अन्य गतिविधियां यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। कैमरे की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है और आरोपी युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सोमवार की सुबह जब बैंक अधिकारी व कर्मचारी यहां पहुंचे तो उन्हें बैंक के बाहर लगे शटर के ताले टूटे मिले। इस पर उन्हें बैंक में चोरी की घटना आभास हुआ। इस पर उन्होंने थाना सदर पुलिस को फोन किया। सदर थाना प्रभारी जसबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू की गई। शटर पर तीन ताले लगे हुए थे। इनमें से चोर दो ताले ही तोड़ पाया। तीसरा ताला नहीं टूट सका। इससे बैंक में युवक के चोरी करने का प्रयास विफल रहा। पुलिस अधिकारियों ने यहां से पूरी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मुंह पर रुमाल बांधकर वहां पहुंचता दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी युवक पौने दो बजे के करीब वहां पहुंचा और ताले तोड़े हैं।
रात के समय नहीं रहता कोई गार्ड
एसएचओ जसबीर सिंह ने बैंक के मैनेजर अंकित पांडेय व अन्य स्टाफ से यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई। बताया गया है कि बैंक में रात्रि के समय कोई गार्ड नहीं था। उसी का फायदा उठाकर एक युवक मुंह पर रूमाल बांधकर बैंक के मुख्य गेट पर पहुंचा है। उसने यहां पर पहले दो तालों को तोड़ा, लेकिन शटर नहीं खुला। उसके बाद मुख्य ताले को तोड़ने का प्रयास किया मगर इसमें वह सफल नहीं हो पाया। इससे बैंक में चोरी का प्रयास विफल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सिक्योरिटी के पूरे प्रबंध करने व रात्रि के समय यहां पर निगरानी रखने के लिए भी कहा है।
बालोर में ग्रामीण बैंक में ताले तोड़कर चोरी का प्रयास विफल, केस दर्ज
-मुंह पर रुमाल बांधकर रात करीब पौने दो बजे पहुंचा युवक
-बैंक के बाहर लगे शटर के दो ताले तोड़े, तीसरे में रहा विफल
---फोटो 6 : चोरी के प्रयास की घटना को लेकर बैंक में जांच करते थाना सदर पुलिस अधिकारी।
---फोटो 7 : सीसीटीवी फुटेज में बैंक के मुख्य गेट पर रुमाल बांधकर पहुंचा युवक।------------