नेपाल से रोहतक ले जाई जा रही थी दो किलो चरस, बहादुरगढ़ में सीआईए ने पकड़ी
बहादुरगढ़। सीआईए बहादुरगढ़ ने नेपाल से चरस लेकर रोहतक के लिए चले बुआ-भतीजे को रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो किलो 69 ग्राम चरस बरामद हुई है। चरस की कीमत मार्केट में लगभग सवा लाख रुपये है। शुक्रवार को अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दरअसल, सीआईए-वन बहादुरगढ़ के इंचार्ज विवेक मलिक को एक गुप्त सूचना मिली कि बहादुरगढ़ बस अड्डे के पास एक महिला व पुरुष चरस लिए खड़े हैं। वे रोहतक जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर उन्होंने एक टीम को मौके पर भेजा। उप निरीक्षक कर्मवीर की टीम ने शक के आधार पर दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ में व्यक्ति की पहचान अमर बूढ़ा निवासी कोलपुर जिला बांके (नेपाल) के तौर पर हुई। जबकि महिला की पहचान अमर की बुआ के तौर पर हुई। इसके बाद टीम ने यह सूचना एएसपी शशांक कुमार सावन को दी। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। महिला व अमर की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से दो किलो 69 ग्राम चरस पाई गई। जिसकी कीमत बाजार में लगभग सवा लाख रुपये है। दोनों के खिलाफ सिटी थाने में नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार को दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
...तो नेपाल में बैठा है सरगना
पकड़े गए ये बुआ-भतीजे तो सिर्फ माल इधर से उधर करते हैं, इनके गिरोह का असली सरगना तो नेपाल में बैठा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को गिरोह के बारे में कुछ जानकारियां मिली है, जिसके जरिये पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। रोहतक स्थित जिस शख्स के पास यह चरस पहुंचाई जाने वाली थी, पुलिस उसका भी पता लगा रही है। सीआईए इंचार्ज विवेक ने कहा कि नशे पर रोक लगाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।