संदिग्ध हालात में युवक की मौत पर परिजनों ने किया प्रदर्शन
बेरी। गोच्छी मार्ग पर स्थित पाना बैठाण में खेतों के मार्ग पर सोमवार को दोपहर बाद संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। बेरी पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सड़क हादसा माना। इस पर मृतक शिवचरण के परिजन बिफर गए। परिजनों के इसके कुछ देर बाद अपने समाज के लोगों को साथ लेकर बेरी के शिव चौक पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद परिजनों ने बेरी के शिव चौक पर आधे घंटे लगा दिया। बाद में पुलिस द्वारा परिजनों को समझा-बुझा कर जाम को खुलवाया गया। जाम लगाने के बाद शिव चौक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बेरी के गोच्छी मार्ग पर खेतों में युवक का शव सड़क पड़ा है। मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि मृतक पाना चुल्याण निवासी शिवचरण पुत्र गंगादत है, जिसकी मौत किसी ट्रैक्टर के नीचे आने से हुई थी। जबकि परिजनों का आरोप था कि उन्हें शिवचरण की मौत की सूचना पुलिस द्वारा शाम 4 बजे दी गई और सूचना से पहले ही शव को झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
गांव के व्यक्ति पर हत्या का आरोप
मृतक शिवचरण के परिजन इस मामले में शिवचरण की मौत के लिए गांव के ही धर्मबीर पुत्र साधुराम नामक युवक पर लगा रहे है। परिजनों द्वारा शिव चौक पर जाम लगाए जाने की सूचना मिलने के बेरी थाना प्रभारी सोमबीर मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में उचित कार्रवाही की जाएगी और जो भी दोषी होगा उसको बख्शा नही जाएगा और उसी को लेकर जाम खोला गया। दलित युवक की मौत की खबर सुनते ही समाज के सैकड़ों लोग शिव चौक पर इकठ्ठा हो गए और समाज के लोगों का कहना था कि करीब दो माह पहले भी दलित समाज के युवक को गोली मारी थी।
पुलिस ने बरामद किया ट्रैक्टर
घटना से संबंधित ट्रैक्टर को भी पुलिस के द्वारा बरामद कर लिया गया है। वहीं अब बात इसी पर उलझी हुई है कि यह हत्या है या फिर महज हादसा। बताया जा रहा है कि दो दिन धर्मबीर नामक व्यक्ति के साथ शिवचरण का झगड़ा भी हुआ था। जिसको लेकर परिजन उस पर हत्या का अंदेशा जता रहे हैं।
वर्जन
थाना प्रभारी सोमबीर ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी लिखित में कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, प्रारंभिक जांच में सड़क हादसा लग रहा है। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि शिवचरण की हत्या की गई है। मामले की जांच की जाएगी, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।