बहादुरगढ़। शहर के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र से 12 दिन पहले लापता हुआ एक पांच वर्षीय बच्चा पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। एमआइई चौकी पुलिस में लापता बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस कई दिनों से बच्चे को तलाश कर रही थी।
गौरतलब है कि 29 सितंबर को एमआइई पार्ट-ए से एक पांच वर्षीय बच्चा साध मोहम्मद लापता हो गया था। बताया गया है कि वह बहादुरगढ़ के रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर रोहतक पहुंच गया था। वहां पर प्लेटफार्म से किसी व्यक्ति ने उसे रोहतक के चौ. लखीराम अनाथालय में पहुंचा दिया। एमआइई चौकी पुलिस को साध मोहम्मद के वहां होने की सूचना मिली। पुलिस वहां पहुंची और साध मोहम्मद को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने लापता साध मोहम्मद को उसके माता-पिता से मिलवाया और उन्हें सौंप दिया।