अपहरण के बाद महिला को पीटा, कपड़े फाड़कर बस अड्डे पर उतारा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
शहर की एक कॉलोनी में रह रही महिला को जबरदस्ती कार में बैठाकर पिटाई करने, कपड़े फाड़कर बस अड्डे पर छोड़ने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने आरोपी पर इससे पहले शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप भी लगाए हैं। इस संबंध में पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। पुलिस ने सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। महिला पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह रोहतक रोड स्थित एक कॉलोनी में रहती है। बुधवार शाम एक परिचित घर आया और उससे मारपीट कर अपहरण कर लिया। पीड़िता ने बताया कि कमोद अड्डे के समीप भी उक्त शख्स ने उससे मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसे कमोद अड्डे के समीप छोड़कर फरार हो गया। महिला ने उक्त युवक पर अप्रैल माह से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप भी लगाए हैं। इसके बाद पुलिस ने महिला का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मनोज को वीरवार देर सायं गिरफ्तार कर लिया है उससे पूछताछ की जा रही है।