पिकअप और बाइक की भिड़ंत, एक की मौत
चरखी दादरी। दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर गांव भैरवी के समीप सोमवार सुबह पिकअप और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में खेड़ी बूरा निवासी बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खेड़ी बूरा निवासी अनिल सोमवार सुबह करीब सात बजे अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब वह गांव भैरवी के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में अनिल बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने अनिल की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने पीजीआई पहुंचकर कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।