अमर उजाला ब्यूरो
बादली। देर शाम बादली मे एक युवक ने बीच रास्ते में मोटरसाइकिल में आग लगा दी। आग लगाने के बाद युवक मौके से भाग गया। हालांकि बाद में बाइक सवार ने अपनी बाइक में लगी को बुझाने का प्रयास किया। मगर कामयाब नहीं हो सका। युवक ने पुलिस में गांव के ही एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
घटना वीरवार शाम करीब 6 बजे की है। बादली का रहने वाला विक्की अपनी मोटरसाइकिल पर घर की ओर जा रहा था। रास्ते में एक युवक ने उसे रुकवाया और मोटरसाइकिल की पेट्रोल नली को निकाल दिया। नली से तेल निकलना शुरू हो गया। बातों ही बातों में उलझाते हुए उसकी बाइक में माचिस से आग भी लगा दी। विक्की का कहना है कि वह जब तक कुछ समझ पाता उससे पहले ही युवक ने उसमें आग लगा दी। आग लगाने के बाद आरोपी युवक मौके से भाग गया। विक्की ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, मगर वह काबू नहीं कर सका। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। बाइक गांव के बीच रास्ते में पड़ी हुई जलकर राख हो गई। विक्की ने मामले की सूचना बादली पुलिस को दी। बादली चौकी प्रभारी श्रीभगवान ने मौके न पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस चौकी इंचार्ज श्रीभगवान का कहना है कि विक्की ने पुलिस में शिकायत देकर सप्लेंडर बाइक में आग लगाने की शिकायत दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हालांकि विक्की ने गांव के एक युवक के खिलाफ नामजद शिकायत दी है जिस पर छानबीन की जा रही है।