अमर उजाला ब्यूरो
बादली (बहादुरगढ़)।
बीती रात बाढ़सा गांव में युवक की हत्या कर शव फेंक दिया गया। मृतक की पहचान दिल्ली के दरियापुर निवासी जय किशन के रूप में हुई। गत दिन युवक का अपहरण दिल्ली के गांव से किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही झज्जर से एएसपी शशांक कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप चार नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के सिर में गहरी चोट का निशान मिला है। युवक की हत्या बाढ़सा में की गई है या दिल्ली क्षेत्र में इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही होगा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दिल्ली के दरियापुर गांव के रहने वाले जयकिशन पुत्र जयराम का शव बाढ़सा गांव के नजदीक खेड़ा जाने वाले रास्ते पर मिला। सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान युवक की पहचान जेब में मिले डीटीसी पास के आधार पर हुई। मृतक के सिर में चोट का गहरा निशान था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या सिर में तेजधार हथियार मारकर की गई है। मौके पर सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार और सदर थाना प्रभारी जसबीर सहित बादली चौकी प्रभारी श्रीभगवान भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक (38) जयकिशन के जीजा अशोक की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि जयकिशन घूमनहेड़ा गांव में अपनी बहन अनीता के रचना पब्लिक स्कूल में बतौर सहायक काम करता था।
सदर थाना प्रभारी जसबीर का कहना है कि मृतक जयकिशन के भाई मुकेश के बयान पर घूमनहेड़ा के चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें नवीन, उसके पुत्र कार्तिक व जॉय और जयप्रकाश शामिल हैं। सभी घूमनहेड़ा के रहने वाले हैं। मृतक के भाई मुकेश ने जमीन से जुड़ा विवाद बताया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
बहन की भी हत्या
पुलिस के अनुसार सोमवार रात को बदमाशों ने पहले तो अनीता की घर पर गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद करीब नौ बजे जयकिशन का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को बाढ़सा गांव के पास सड़क पर फेंक दिया गया। मामला जमीन के विवाद को लेकर जुड़ा हुआ है, जिस पर दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा था। अनीता ने आरोपियों की जमीन खरीदी थी। आरोपी लगातार पैसे की मांग करते थे। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिजनों ने बताया है कि उन्होंने आरोपियों को जमीन के पूरे पैसे दे दिए थे। अब वो लगातार पैसे क्यों मांग रहे थे इस बारे में उन्हें नहीं पता। बहन की हत्या में भी उक्त चारों के खिलाफ दिल्ली के छावला पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है।