अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर में चोरी एवं छीनाझपटी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की रात सात दुकानों में चोरी होने के बाद बुधवार की रात मारपीट कर एक ट्रक चालक व हेल्पर से रुपये और मोबाइल छीन लिए गए। वारदात के बाद युवक दिल्ली की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
सिरसा जिले के गांव रत्राखेड़ा निवासी लीलाधर एक ट्रांस्पोर्टर के यहां कार्यरत है। बुधवार की रात वह सिरसा से कैंटर में किन्नू भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। हेल्पर शंकर लाल भी साथ था। रात करीब 1 बजे वह बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 बाईपास पर पहुंचा। बाईपास मोड़ पर टीकरी बॉर्डर की तरफ जाने के लिए जब वह गाड़ी मोड़ रहा था तभी पीछे से ओवरटेक कर एक सेंट्रो कार ट्रक के सामने आकर रुक गई। कार से तीन युवक उतरे और उन्होंने हेल्पर शंकरलाल और उसे जबरन नीचे खींच लिया। उन्होंने रुपयों की मांग की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। मारपीट करके उक्त युवकों ने उसकी जेब से 2 हजार रुपये व हेल्पर से मोबाइल छीन लिया। तभी पीछे से कुछ वाहन आने लगे तो उक्त युवक अपनी कार में सवार होकर दिल्ली की तरफ भाग गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस गश्त पर सवाल
छीना झपटी की वारदात करने वाले युवक काले रंग की सेंट्रो कार में थे। बुधवार की रात शहर में हुई कुछ चोरी की वारदातों में भी एक काले रंग की गाड़ी देखी गई। एक तरफ पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करता है। मगर चोरियों की वारदात के अगले ही दिन शहर के एक मुख्य स्थान पर छीना झपटी की वारदात पुलिस गश्त पर सवाल उठाती है।
चेक की जाएगी सीसीटीवी फुटेज
उधर, एमआइई चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र सिंह ने कहा कि चालक की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की जाएगी। हो सकता है किसी कैमरे में गाड़ी का नंबर कैद हो गया हो। उस आधार पर युवकों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। जल्द वारदात को सुलझा लिया जाएगा।
ओवर टेक कर ट्रक रुकवाया, फिर मारपीट कर मोबाइल और रुपये छीने