बेरी। पाना चुल्याण से मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक 21 वर्षीय युवक अपनी बाइक लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। जब युवक घर से अपनी बाइक पर सवार होकर बेरी-कलानौर मार्ग पर जवाहर लाल नेहरू कैनाल पर पहुंचा तो उसने अपने दोस्तों व रिश्तेदारी में व्हाट्सएप पर चैट की और जवाहर नेहरू कैनाल के फोटो भी डाले। बाद में स्टेटस पर लिखा सॉरी एंड गुड बॉय, एवरी वन। इसके बाद दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर पर पहुंचे। नहर पर पहुंचे तो पूल के पास बाइक खड़ी मिली, लेकिन युवक नहीं मिला।
बेरी के चुल्याण पाना निवासी मनोज के परिजनों ने इसकी सूचना बेरी शहर चौकी को दी। सूचना मिलने के बाद पहले परिजनों की शिकायत पर युवक की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। उसके बाद पुलिस युवक के कॉल डिटेल निकलवाने में जुट गई। परिजनों को शक था कि कहीं नहर के पास मिली बाइक व नहर के फोटो व्हाट्सएप पर डालने से कहीं युवक ने नहर में छलांग तो नहीं लगा दी। वीरवार को पुलिस ने गोताखोरों की टीम को बुलाया। वीरवार को दोपहर बाद प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार अशोक कुमार, बेरी थाना प्रभारी सुंदरपाल, बेरी शहर चौकी इंचार्ज अनिल शर्मा जेएनएल पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण गोताखोरों की टीम ज्यादा समय तक पानी में सर्च अभियान नहीं चला पाई।
घिकाड़ा और अकेहड़ी मदनपुर पंप हाउस पर तलाशते रहे परिजन
वीरवार को युवक की तलाश में परिजन चरखी दादरी के घिकाड़ा और झज्जर के अकेहड़ी मदनपुर पंप हाउस पर तलाशते रहे, लेकिन युवक का वीरवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग पाया।
बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है मनोज
मनोज के पिता सुरेंद्र ने बताया कि मनोज गौड़ ब्राह्मण कॉलेज रोहतक में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार को शाम को अपनी बाइक लेकर घर से लापता हो गया था।
मंगलवार देर शाम को पाना चुल्याण से संदिग्ध परिस्थितियों में युवक के लापता होने की शिकायत मिली थी। पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया। वीरवार को गोताखोरों की टीम ने अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। युवक के लापता होने की सूचना अन्य थानों में दी गई है।
सुंदर पाल, थाना प्रभारी, बेरी