बहादुरगढ़। जिला पुलिस दिल्ली के बदमाश नवीन बाली को बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुई हत्या की चार वारदात के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली की जेल से प्रॉडक्शन वारंट पर लाई है। वह दिल्ली हरियाणा में सक्रिय रहे गैंगस्टर नीरज बवाना का साथी है। अपराध जांच शाखा बहादुरढ़-2 नवीन को दिल्ली की तिहाड़ जेल से 22 अप्रैल तक सात दिन के रिमांड पर लाई है।
बीते करीब दो साल में हुई जिन चार वारदात के बारे में झज्जर जिला पुलिस नवीन बाली से पूछताछ कर रही है वे सभी वारदात गैंगवार का नतीजा थीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि सभी मामलों में पुलिस ने गहन जांच की और हरेक केस में आरोपियों की गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। लेकिन पूछताछ में दिल्ली के गांव सुलतानपुर डबास के रहने वाले नवीन बाली का नाम भी सामने आया था। पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम के आदेश पर झज्जर जिला पुलिस अब नवीन बाली से 30 जून 2021 को गांव आसंडा में हुई आसौदा गांव के सुनील की हत्या के मामले में पूछताछ कर रही है। सुनील की उनके सर्विस स्टेशन पर कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद 20 अगस्त 2021 को नूना माजरा गांव के सरपंच सुरेंद्र उर्फ गुल्लर को उनके गांव के निकट ही 15 से अधिक गोलियां मारकर छलनी कर दिया गया था। इनके अतिरिक्त 23 अप्रैल 2021 को गांव गोयला कलां के विनोद की हत्या के मामले और 11 नवंबर 2020 को हुई गांव डाबौदा के दर्शन काला की हत्या के मामले में भी पुलिस दिल्ली के बदमाश नवीन बाली से कुछ पुख्ता जानकारी हासिल करना चाहती है।