शराब तस्करी की रोकथाम के लिए जिले में होंगे इंतजाम : डीसी
- डीसी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जिले में किसी भी सूरत में शराब की तस्करी या अवैध रूप से उत्पादन नहीं होना चाहिए। पड़ोसी राज्य में चुनाव होने के कारण वहां शराब तस्करी की संभावना है। इसलिए कराधान एवं आबकारी विभाग जिले में चेकिंग करते रहें। उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने कराधान एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में ये आदेश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम की उपस्थिति में अवैध शराब उत्पादन और शराब तस्करी पर सिरे से अंकुश लगाने को लेकर विचार विमर्श हुआ। उपायुक्त ने कहा कि विभाग की टीम चौबीस घंटे जिला में नजर बनाए रखे और समय समय पर शराब फैक्ट्री व एल 1, एल 13 और शराब के ठेकों की चेकिंग भी करें। उन्होंने कहा कि हाल ही में बागपत क्षेत्र में अवैध शराब की एक गाड़ी पकड़ी गई है, जिसमें नकली बैंड की शराब मिली है और सामने आया है कि यह गाड़ी जिला से होकर आगे निकली है। ऐसे मामलों को देखते हुए कराधान एवं आबकारी विभाग सहित पुलिस विभाग को भी और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। जिले में लगातार चेकिंग जरूरी है। इसलिए संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में डीएसपी और कराधान विभाग के अधिकारियों की अलग अलग टीम गठित की जा रही हैं। ये टीमें चेकिंग कर शराब के ठेकों, फैक्ट्री और एल1 व एल13 पर नियमों की सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाएंगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमों के अनुसार शराब से संबंधित सभी संस्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए और उसमें कम से कम 15 दिन की रिकॉर्डिंग की सुविधा भी होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में चुनाव के चलते शराब की तस्करी का मामला काफी गंभीर है। हर संस्थान पर नियमों के अनुसार स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर भी होना अनिवार्य है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अगर किसी को शराब तस्करी या अवैध शराब के उत्पादन के बारे में पता है तो वह पुलिस को सूचना दे सकता है।