बाइक सवार युवकों ने असलहे के बल पर पशु व्यापारी से 23 हजार रुपये लूटे
उत्तर प्रदेश के मेरठ के हाजीपुर गांव का है व्यापारी, मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
- सुर्खपुर-खेड़ी आसरा रोड पर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। गांव सुर्खपुर-खेड़ी आसरा मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने एक पशु व्यापारी से पिस्टल के बल पर 23 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए। व्यापारी ने सूचना अपने परिजनों और दुजाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद दुजाना थाना प्रभारी शेर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पशु व्यापारी की शिकायत पर बाइक सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के गांव हाजीपुर निवासी आस मोहम्मद झज्जर में शहीदी पार्क के पास अपने भाई फारूख, जीजा अनिश, भांजा इकरार के साथ किराये पर रहता है और सभी क्षेत्र मेें पशु खरीदने का काम करते हैं। रविवार दोपहर 2 बजे आस मोहम्मद अपने जीजा व भांजे के साथ पिकअप गाड़ी लेकर गांव भदानी में पशु खरीदने के लिए गया था। आस मोहम्मद पशु खरीदने के लिए गांव फिरनी के अंदर गली में चला गया। अनिश, इकरार गाड़ी लेकर गांव भदानी में कैमलगढ़ मार्ग पर खड़े हो गए। आस मोहम्मद गांव में पशु खरीदने के लिए चला गया। उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने पशु बेचने के लिए कहा तो आस मोहम्मद ने पूछा तो बाइक सवार युवकों ने कहा उनके गांव सुर्खपुर में पशु बेचने हैं। पशु बेचने के बहाने बाइक सवार युवकों ने आस मोहम्मद को अपनी बाइक पर बैठाकर सुर्खपुर की ओर ले गए। जब बाइक सवार व्यापारी को सुर्खपुर से खेड़ी आसरा मार्ग पर ले जाने लगे तो पशु व्यापारी ने कहा कि सुर्खपुर गांव तो पीछे रह गया। बाइक सवार युवकों ने सुर्खपुर-खेड़ी आसरा मार्ग पर बाइक रोकी और पशु व्यापारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाइक पर सवार एक युवक ने व्यापारी को पिस्टल सटाकर 23 हजार रुपये जेब से निकाल लिए।
वर्जन
सुर्खपुर से खेड़ी आसरा मार्ग पर पशु व्यापारी से पिस्टल के बल पर 23 हजार रुपये लूटने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर बाइक सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- शेर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, दुजाना।