बहादुरगढ़। शहर के राजकीय महाविद्यालय में वीरवार को राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस मनाया गया। उच्चतर शिक्षा निदेशालय हरियाणा के निर्देशानुसार पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एसआर रंगनाथन की स्मृति में यह दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के वरिष्ठ पुस्तकालय अध्यक्ष नरेश दलाल के संयोजन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम के लिए किए गए प्रयासों और शहीदों की जीवनी से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यार्थियों ने पुस्तकों को खरीदने में रुचि दिखाई। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. तराना नेगी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को हमेशा अध्ययनशील रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में पुस्तकों का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। एक अच्छी पुस्तक मानव के जीवन को श्रेष्ठ बनाने की कला सिखाती है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ उन्हें अपने देश के महान सेनानियों को जानने का अवसर प्रदान करते हैं। इस मौके पर प्राचार्य ने कॉलेज के प्रांगण में पौधरोपण भी किया।
पुस्तकालय अध्यक्ष दलाल ने बताया कि कॉलेज के पुस्तकालय में विज्ञान, गणित, हिंदी, संस्कृत, वाणिज्य और अन्य विषयों से संबंधित पुस्तकों के अलावा हिंदी व अंग्रेजी के पर्याप्त साहित्य उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को सभी पुस्तकें आसानी से उपलब्ध करवाई जाती हैं। इस मौके पर दलबीर, सुमन हुड्डा, अमित छिकारा, विकास शौकीन, अंकिता, राजीव के अलावा शिक्षकों का स्टाफ मौजूद रहा।