बहादुरगढ़। शहरी क्षेत्र में मेगा वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को 25 स्थानों पर वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किए गए। यहां 7089 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिनमें 4485 को प्रथम और 2604 नागरिकों को दूसरी डोज दी गई।
कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुंदरम कश्यप ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी नागरिक टीका लगवाएं। सरकार की ओर से नागरिक अस्पतालों में निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में बहादुरगढ़ का शहरी क्षेत्र जिले में कोरोना का हॉट स्पॉट बन गया था। डॉ. सुंदरम ने बताया कि 27 अगस्त तक बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में एक लाख 41 हजार 996 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें एक लाख पांच हजार 753 लोगों को प्रथम डोज और 36 हजार 243 नागरिकों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है। कार्यक्रम 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के लिए नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ के अतिरिक्त शहर में स्थित सभी अर्बन पीएचसी पर निरंतर चलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोनारोधी टीकाकरण निशुल्क है। आसानी से अपने मोबाइल से ही ऑनलाइन स्लॉट बुक करवाकर सुविधानुसार व समयनुसार टीका लगवा सकते हैं। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के लिए सेल्फ रजिस्ट्रेशन डॉट कोविन डॉट जीओवी डॉट इन या आरोग्य सेतु एप पर भी ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं। बहादुरगढ़ में टीकाकरण के लिए पंजीकरण करते समय बहादुरगढ़ का पिन कोड भरना होगा।
-------------------
फोटो 1 : शहर के वार्ड-20 की देवकरण धर्मशाला में टीका लगवाती महिला।