अनाज मंडी में काम के इंतजार में बैठे श्रमिक।
- फोटो : Jhjhar
अनाज मंडियों में बाजरा की खरीद को लेकर स्थिति असमंजस की बनी हुई है। सरकार की तरफ से बाजरा की खरीद के लिए आदेश जारी नहीं किए जा रहे हैं। अनाज मंडी में पांचवें दिन दो किसान बाजरा की दो ट्रॉली लेकर पहुंचे। लेकिन सरकार की और से ई-खरीद पोर्टल बंद मिला। बाजरा लेकर पहुंचे किसानों का गेट पास मंडी प्रबंधन की और से नहीं काटा गया। मंडी प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि जब तक सरकार की और ई-खरीद पोर्टल को खोला नहीं जाता है। तब तक मंडी की और से गेट पास कैसे जारी किए जा सकते हैं। वहीं आढ़तियों का भी बाजरा खरीद को कोई विशेष रुझान दिखाई नहीं दे रहा है। बाजरा लेकर पहुंचे किसान निशांत शौकीन व सिकंदरपुर के किसान राजेश करीब 20 क्विंटल बाजरा लेकर मंडी में पहुंचे। आढ़तियों ने दोनों किसानों के बाजरे को खरीदने के लिए दो गेट पास ई-नेम पोर्टल के माध्यम से कटवाए है।
मंडी प्रबंधन और आढ़तियों की बाजरा खरीद को लेकर पूरी तैयारियां की गई हैं लेकिन बाजरा खरीद को लेकर असमंजस की स्थिति किसानों और सरकार की बनी हुई है। इतना ही नहीं बाजरे की खरीद को लेकर आढ़तियों ने भी बिहार व उत्तर प्रदेश से श्रमिकों को बुलाया हुआ है। यहां पर करीब 150 श्रमिक आए हुए हैं। श्रमिकों का कहना है कि बाजरे की खरीद के लिए काम करने आए थे। करीब 15 दिन से खाली बैठे हैं और अपने पास से सारा खर्च कर रहे हैं। एक या दो दिन में काम नहीं मिला तो वे पंजाब के लिए रवाना होंगे।