हिसार के मीरकां गांव निवासी विनोद की हत्या मामले में सभी 17 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छठे दिन रविवार को भी नागरिक अस्पताल में परिजन धरने पर बैठे रहे। वहीं सुबह करीब 11 बजे प्रदर्शनकारी क्रांतिमान पार्क में इकट्ठे हुए।
इधर आरोपी संदीप उर्फ ढांगी को एक दिन के व राजपाल उर्फ गोलू को दो दिन के रिमांड के बाद रविवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी भागीरथ व सरपंच के भतीजे विजय को तीन-तीन दिन के रिमांड के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों से रिमांड अवधि में वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा रिमांड अवधि में आरोपियों ने पुलिस को क्या जानकारी दी, इसके बारे में पुलिस ने चुप्पी साधी है।
सोमवार शाम पांच बजे पीड़ित पक्ष बस अड्डे से नागौरी गेट तक कैंडल मार्च निकालेगा। मामले की जानकारी भीम आर्मी के जिला प्रधान प्रदीप भानखड़, विक्की टांक, प्रेस प्रवक्ता संतलाल आंबेडकर, प्रभारी विजय अठवाल, मनोज अठवाल, गुरमेल ढाबी, चाहाना, सत्यवान दहिया ने दी है। उन्होंने बताया कि भीम आर्मी के संस्थापक व राष्ट्रीय आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद व भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन 22 दिसंबर को हिसार में आ सकते हैं। प्रेस प्रवक्ता संतलाल आंबेडकर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर ने ट्वीट कर सरकार को कहा कि अगर पीड़ित पक्ष की मांगें जल्द नहीं मानीं तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। दो का रिमांड जारी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। -विकास कुमार, पुलिस प्रवक्ता, हिसार।