एसएचओ की वर्दी फाड़ने का प्रयास
- फोटो : संवाद
नगर निगम प्रशासन की ओर से कचरा उठाने के दौरान मंगलवार को फिर से बवाल हो गया। विरोध करने पहुंचे सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने दौड़ दौड़ कर पकड़ा। करीब 50 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।
अर्बन एस्टेट में डोर टू डोर क्लेक्शन के समय हड़ताली सफाई कर्मचारी भी पहुंच गए। उन्होंने आते ही टिप्पर में बैठे कर्मचारियों को उतरना शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें रोका तो वे गुस्सा गए। पुलिसकर्मियों और सफाई कर्मियों में झड़प हो गई। कुछ महिला सफाई कर्मचारियों ने सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की करनी शुरू कर दी।
इसी बीच थाना प्रभारी की वर्दी फाड़ने का भी प्रयास हुआ। इसके बाद गुस्साए पुलिसकर्मियों ने एक एक करके सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। महिला सफाई कर्मचारियों को महिला पुलिसकर्मी पकड़ पकड़ कर बस में भरने लगी। इसी बीच कुछ सफाईकर्मी फरार भी हो गए।
मेला ग्राउंड एरिया में भी हिरासत में लिये कर्मचारी
इससे पहले मेला ग्राउंड एरिया में भी सफाई कर्मचारियों ने कचरा उठाने का विरोध किया। यहां पुलिस ने करीब 40 सफाईकर्मियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें बरवाला की ओर ले गए।
एफआईआर दर्ज करने की तैयारी
नगर निगम प्रशासन की ओर से पकड़े गए सफाई कर्मचारियों पर शिकंजा कसने के लिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। एक एक सफाईकर्मी पर बाई नेम एफआईआर होगी। पुलिस अधिकारियों को एक दिन पहले ही एसपी सिद्धांत जैन ने काम में बाधा डालने वालों को तुरंत हिरासत में लेने के आदेश दिए थे।