घिराय। महंगाई और पशुपालन की बढ़ती लागत के बीच धान्सू पंचायत ने दूध और देसी घी के नए दाम तय किए हैं। पंचायत घर में सोमवार को हुई बैठक में किसान, पशुपालक और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से नई दरों को मंजूरी दी। ये दरें एक सितंबर से लागू होंगी।
बैठक में पशुपालकों ने बताया कि चारा, खल, चूरी, बिनौला और भूसे समेत पशु आहार लगातार महंगा हो रहा है। पशुओं की देखभाल में भी समय और मेहनत अधिक लगती है। ऐसे में दुग्ध उत्पादों का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। पंचायत ने इसी उद्देश्य से दरें निर्धारित की हैं। बैठक में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि निर्णय से बाजार में मूल्य की स्पष्टता रहेगी। निर्णय के अनुसार भैंस का दूध 100 रुपये, देसी गाय का दूध 120 रुपये और एचएफ गाय का दूध 80 रुपये प्रति किलोग्राम रहेगा। भैंस के देसी घी की कीमत 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम तय की गई है।
सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत वर्मा ने कहा कि पंचायत सर्वसम्मत निर्णय के साथ है और निर्धारित दरों का पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वाले से 5,100 रुपये जुर्माना लिया जाएगा। राशि राधा-कृष्ण गौशाला में जमा होगी।
पंचायत ने सुलखनी, धिकताना, बुगाना, मिर्जापुर और राजली समेत आसपास के गांवों के पशुपालकों से भी संपर्क करने का निर्णय लिया है। उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पशुपालकों को पहल से जोड़कर उनके दुग्ध उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा सके।