नारनौंद। गांव मिर्चपुर के बाबा रामनाथ फिलिंग स्टेशन पर सोमवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर पंप कर्मचारी और मालिक को बंधक बना लिया। इसके बाद दो लाख रुपये और गाड़ी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही नारनौंद थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिर्चपुर निवासी ललित कौशिक ने बताया कि जींद-बरवाला रोड पर उसका पेट्रोल पंप है। 4 अप्रैल की रात करीब 11 बजकर 49 मिनट पर जींद की तरफ से दो बदमाश बाइक पर पेट्रोल पंप आए। उस समय पंप पर तीन सेल्समैन और वह स्वयं मौजूद था। बदमाशों ने कुल्हाड़ी से सेल्स रूम के शीशे का गेट तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद तीनों कर्मचारियों को रस्सी से बांध दिया और पिस्तौल तान दो लाख रुपये और गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक ललित कौशिक के बयान पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले मिर्चपुर के मंगलाराम सूरजाराम पूनिया मेमोरियल पेट्रोल पंप पर 2 नवंबर 2018 को 43 हजार रुपये की लूट हुई थी। इसमें एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहीं, 10 दिसंबर 2021 को 6500 रुपये और मोबाइल की लूट के आरोपी आज तक पकड़ में नहीं आए हैं।
पंप मालिक के बयान पर दो अज्ञातयुवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में सीआईए व साइबर सेल की मदद ली जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी, नारनौंद