हिसार। नागरिक अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का आकलन करने के लिए शुक्रवार को एनक्वास (राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक) विशेष टीम हिसार पहुंचेगी। जिसमें पंचकूला सहित अन्य राज्यों के आला अधिकारी शामिल रहेंगे। यह टीम अस्पताल के जनरल, नेत्र, हड्डी, ईएनटी, डिस्पेंसरी, जच्चा-बच्चा वार्ड, में जाकर बिजली-पानी-शौचालय की व्यवस्थाओं को परखेगी। साथ ही मानक के हिसाब से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय पेश करेगी।
खास बात यह है कि उपरोक्त टीम अस्पताल में स्थापित बच्चा वार्ड व न्यू बोर्न बेबी सेंटर का निरीक्षण कर वहां के मानकों पर भी विशेष रिपोर्ट तैयार करेगी। साथ ही गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए अपने सुझाव पीएमओ-डीएमएस सहित संबंधित आला अधिकारियों को देगी। बता दें कि एनक्वास को भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया एक कार्यक्रम है जो सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को मापने और बेहतर बनाने पर केंद्रित है।