अग्रोहा। अग्रोहा से भूना मार्ग स्थित अग्रोहा अनाज मंडी में गेहूं की उठान न होने और भुगतान की देरी के विरोध में वीरवार को किसानों व व्यापारियों ने मंडी के गेट के आगे रोष प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान किसान नेता केडी अग्रोहा ने बताया कि लाखों मीट्रिक टन गेहूं खुले में पड़ा है। मंडी में गेहूं की उठान मात्र 30 प्रतिशत हुई है। सरकार के 48 घंटे में खरीद, उठान और भुगतान के दावे धरातल पर विफल साबित हुए हैं। वहीं खेतों में बिजली के तारों के कारण हजारों एकड़ में गेहूं जलकर नष्ट हो गई है। बे-मौसम बारिश से भी गेहूं को नुकसान हुआ है। पगड़ी संभाल जट्टा की टीम व्यापारियों के समर्थन में पहुंची। मौके पर अग्रोहा पुलिस के एएसआई रामजीलाल ने किसानों और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। मंडी सचिव ने शुक्रवार से तेजी से उठान शुरू करने और भुगतान का आश्वासन देने पर धरना स्थगित कर दिया। धरने में किसान नेता केडी अग्रोहा, अजय गोदारा, दिलबाग बिजारणियां, रोहित बिजारणियां, राहुल बिजारणियां, पुनीत यादव, प्रदीप मालिक समेत सैकड़ों किसान मौजूद हैं। किसान नेता प्रदीप मलिक का कहना है कि सरकारी लापरवाही से मंडियों और सड़कों पर पड़ा गेहूं खराब हो रहा है।