हिसार। जिले में कोरोना संक्रमण के केस आए दिन बढ़ रहे हैं। वीरवार को तीन नए केस सामने आए हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर नौ पर पहुंच गई है। संक्रमित मिले मरीजों में तीनों महिलाएं है। तीनों का घर पर ही इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संक्रमित पाए गए मरीजों के परिजनों के भी सैंपल लिए है। ओपीडी में आने वाले मरीजों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
200 के पास पहुंची सैंपलिंग
कोरोना संक्रमण के केस बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ा दी है। सैंपलिंग बढ़ने के साथ ही केस भी बढ़ने लगे है। सीएमओ चिकित्सक रतना भारती का कहना है कि केेस बढ़ रहे हैं। ऐसे में मास्क जरूर पहने और सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। जहां तक हो सकें भीड़ वाले एरिया में न जाएं। उनका कहना है कि अभी नया वैरिएंट आया है या नहीं इस बारे में अभी कुछ नहीं कहां जा सकता। सैंपलिंग और टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है।
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर चिकित्सक सुभाष खतरेजा ने बताया कि वीरवार को जिले में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढक़र 9 हो गई है। रिकवरी रेट 98.09 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 21 हजार 863 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 62 हजार 62 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 60 हजार 874 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 तथा तीसरी लहर में 38 संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है।