हिसार। जिला पुलिस ने अलग-अलग पीड़िताओं की शिकायत पर छेड़छाड़ के तीन मामले दर्ज किए हैं। एक मामले की शिकायत जिले के एक गांव निवासी राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी ने आजाद नगर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग ने बताया कि दो अक्तूबर की शाम वह स्कूटी पर सवार होकर प्रैक्टिस के लिए स्कूल जा रही थी। उस दौरान नजदीकी गांव निवासी युवक ने उससे छेड़छाड़ की। पीड़िता ने अपने परिजनों को इसके बारे में बताया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को फोन किया तो आरोपी ने उनसे गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे मामले की शिकायत जिले के एक गांव निवासी नाबालिग ने महिला थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि दो अक्तूबर की शाम वह घर पर थी। उस दौरान वहां से तीन आरोपी निकले और उसे उठा लेने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ पहले भी छेड़छाड़ की थी। 12 जुलाई को उस मामले में पोक्सो के तहत केस दर्ज हुआ था। उस मामले में आरोपी तीन-चार दिन पहले जमानत पर आए थे।
तीसरे मामले की शिकायत अन्य गांव निवासी महिला ने सदर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि तीन अक्तूबर की सुबह करीब आठ बजे वह खेत में जा रही थी। उस दौरान उसके गांव के ही दो युवकों ने उससे छेड़छाड़ की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने इससे पहले भी उससे छेड़छाड़ की। तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।