हांसी/हिसार। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खेदड़ मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी जांच करेगी। जांच कमेटी में आईपीएस मोहम्मद अकील, हिसार की डीसी डॉ. प्रियंका सोनी और जींद के एसपी नरेंद्र बिजरानियां शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हांसी विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों व पुलिस के बीच झड़प में एक किसान की मौत निंदनीय घटना है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि किस स्तर पर गलती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बातचीत के रास्ते कभी बंद नहीं किए। मुझ से भी बात हुई थी। बिजली मंत्रालय से भी किसानों की बातचीत हुई थी। बिजली मंत्रालय की ओर से भरोसा दिया गया था कि गोशाला का अनुदान बंद नहीं होगा। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले करीब ढाई महीने से ग्रामीण धरना दे रहे थे। अब ऐसा संघर्ष क्यों हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। पूरी घटना की जांच होनी चाहिए। कुछ लोग दो दिन पहले उनसे जुड़े, जिन्होंने मामले में आक्रोश ला दिया। ऐसे लोगों के खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। ऐसा हादसा अचानक नहीं होता। किसानों को बातचीत कर इस विवाद का समाधान करना चाहिए।