हिसार। करीब 21 महीने के बाद ऑफलाइन हुई दिशा कमेटी की बैठक में सांसद बृजेंद्र ने अधिकारियों की क्लास लगाई। पंचायती राज विभाग के एक्सईएन का जवाब सुनकर सांसद ने गुस्से में कहा कि किस बात का वेतन लेते हो, क्यों टल्ला मार रहे हो। गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले नगर निगम के अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में गैर हाजिर रहे सूक्ष्म सिंचाई विभाग के अधिकारी को भी नोटिस देने के लिए आदेश किए।
सांसद बृजेंद्र सिंह दिशा कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों की ओर से दिए जा रहे जवाब पर उन्होंने कई बार खिंचाई की। गांवों में गंदे पानी की निकासी को लिए पोंड सिस्टम के लिए चुने गए 84 गांवों पर सासंद ने पंचायती ने पंचायत राज विभाग के कार्यकारी अधिकारी से पूछा आपने किस आधार पर यह गांव चुने थे। एक्सईएन पेशल कुमार ने कहा कि गांवों के नामों की सूची ऊपर से आई थी। सांसद ने कहा कि एक्सईएन साहब, इस तरह से टल्ला ना मारो, चयन यहां से नहीं होता। मैंने भी लंबे समय तक नौकरी की है। यहां कोई जादूगर शंकर नहीं है जिसने झोले से नाम निकाल दिए। गांवों के चयन के मानक क्या थे आप यह बताओ। एक्सईएन जानकारी नहीं बता पाए तो ने कहा कि समझ नहीं आता कि आपको तनख्वाह किस बात की मिल रही है। सांसद ने कहा ऐसा गैर जिम्मेदाराना बयान फिर कभी मत देना।
शहर में कचरा उठाने के आंकड़े सुनकर बोले- शहर तो स्विट्जरलैंड बन गया
बैठक में शहर से कचरा उठाने के आंकड़े सुनकर सांसद ने मुस्कुराते हुए कहा कि आपके हिसाब से तो शहर स्विट्जरलैंड बन गया है। आंकड़े मत बताओ, यह बताओ कि अब सड़कों पर कहां-कहां कचरा डाला जा रहा है। सांसद ने पूछा तो मेयर गौतम सरदाना ने बताया कि 58 जगह खुले में कचरा डाला जा रहा है। इस पर विधायक जोगीराम सिहाग ने कहा कि कैमरी रोड पर दो मंत्री रहते हैं। इस रोड पर भी हाउसिंग बोर्ड के पास खुले में सड़क पर कचरा डाला जाता है।
गलत रिपोर्ट देने पर कारण बताओ नोटिस जरी
शहरी एरिया में कितने लोगों को रोजगार के लिए लोन दिलवाया गया है। नगर निगम के सीपीओ सुनील गलत आंकडे़ रख रहे थे। सांसद ने अधिकारी की खिंचाई करते हुए कमिश्नर अशोक गर्ग को उसके खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी करने के लिए कहा। सांसद ने कहा कि 126 लोगों की लोन की फाइल में से सिर्फ 29 की फाइल पास सवालिया निशान है।
एक हजार का गैस सिलिंडर कौन भरवाएगा...
हिसार लोकसभा क्षेत्र में कितने लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन दिए गए इस बारे में खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी डेटा नहीं दे पाए। सांसद ने पूछा पहला सिलिंडर कितनों को जारी किया गया। अधिकारी नहीं जवाब नहीं दे पाए। सांसद ने कहा सिलिंडर वैसे भी एक हजार का हो गया अब भरवाएगा कौन।
गैर हाजिर अधिकारी को नोटिस...
माइक्रो इरीगेशन में काडा की समीक्षा में जब पक्ष रखने के लिए पूछा तो मौके पर कोई मौजूद नहीं था। सांसद ने कहा मीटिंग में नहीं आने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी करें।
डीसी बोलीं-हमारे यहां ही नहीं चल रहे हॉट स्पॉट...
बीएसएनल के अधिकारी ने जिल में हॉट स्पॉट व वाईफाई के आंकड़े रखे तो सांसद ने पूछा डीसी मैडम, आप जांच कराओ यह कहां चल रहे हैं। डीसी ने सभी एसडीएम से इसकी जांच कराने के आदेश दिए। डीसी डॉ. प्रियंका सोनी बोली हमारे लघु सचिवालय में ही हॉटस्पॉट और वाईफाई नहीं चल रहे।
सांसद ने पूछा कैंट के सामने सर्विस रोड कब बनेगी
सांसद बृजेंद्र सिंह ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से पूछा आप यह बताओ कैंट में सर्विस रोड क्यों नहीं बनाई जा रही। पीडी सुनील जिंदल ने कहा पहले अतिक्रमण था। हम 5 मीटर चौड़ी रोड़ निकाल सकते हैं। इस बारे में प्रस्ताव मुख्यालय को भेजेंगे। इस बारे में अमर उजाला ने पिछले माह खबर प्रकाशित की थी।
बिहार के सरणा जिले से प्रेरणा लो...
एमपी बृजेंद्र ने कौशल विकास निगम की समीक्षा करते हुए कहा कि आप लोगों ने योजना का मजाक बना रखा है। बिहार के सारण जिले से देखो केंद्र की योजनाओं से कितने करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट लिया जा सकता है। अच्छा काम करने के लिए सांसद ने रेलवे अधिकारियों का आभार जताया।
आप यह बताओ स्कूल कितने दिन खुले
शिक्षा विभाग के अधिकारी जवाब देने के लिए उठे तो सांसद ने कहा कि आप तो बस यह बता दो मार्च 2020 के बाद अब तक कुल कितने दिन स्कूल लगे। अधिकारी ने कहा बहुत कम दिन खुले हैं। सांसद ने कहा कोरोना का सबसे अधिक नुकसान स्कूली बच्चों को हुआ है।
विधायक जोगीराम ने भी अधिकारियों पर उठाए सवाल
बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग ने बरवाला बाइपास पर बनभौरी रोड के पास सर्विस लेन न होने ,जुगलान में गांव की बजाए आगे कट दिए जाने के सवाल पर एनएचएआई अफसरों को कटघरे को खड़ा किया। उन्होंने मिर्जापुर के पास शमशान घाट के लिए सर्विस रोड न होने का सवाल भी उठाया। वाटरशेड स्कीम में एक ही विधानसभा के सभी गांव चुने जाने पर भी विधायक ने सवाल उठाया।