हांसी। हांसी हलके में सबसे ज्यादा 30 से 39 आयु वर्ग के 44597 मतदाता हैं। वहीं बीते पांच वर्षों में हलके में 21 हजार 113 मतदाता नए जुड़े हैं। मतदाताओं की संख्या 1,79,677 से बढ़ कर 2,00,790 हो गई है। इसमें से तीन मतदाता 110 वर्ष से अधिक आयु के हैं। वर्ष 19 वर्ष तक के 4050 मतदाता हैं।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि हांसी हल्के में कुल 2,00,790 मतदाता है। जिनमें से महिला मतदाताओं की संख्या 94,176 है। 1,06,613 पुरुष मतदाता है व एक थर्ड जेंडर मतदाता है। 19 वर्ष आयु तक के 4050, 20 से 29 आयु तक के 42140, 30 से 39 आयु के तक के 44597, 40 से 49 आयु के 38301 ,50 से 59 वर्ष के 34507 ,60 से 69 वर्ष की 22419, 70 से 79 वर्ष के 10241, 80 से 89 वर्ष के 3385, 90 से 99 वर्ष के 1078, 100 से 109 वर्ष आयु के 69, तथा 110 से 119 आयु के तीन मतदाता है। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या 1,79,677 थी। पांच वर्ष में मतदाताओं की संख्या 21113 बढ़ी है।
सी विजिल पर नहीं आई अभी तक कोई शिकायत
एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा ने लोकसभा चुनाव को लेकर संयुक्त कार्यालय परिसर में स्थापित चुनाव कंट्रोल रूम का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह चुनाव संबंधी सभी कार्य अविलंब पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी व लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। सी विजिल एप की मॉनीटरिंग कर रहे कर्मचारियों ने एसडीएम को बताया कि अभी तक हल्के में किसी भी प्रकार की कोई शिकायत एप के माध्यम से प्राप्त नहीं हुई है। एसडीएम ने उन्हें निर्देश दिए की जब भी कोई शिकायत प्राप्त हो तुरंत उसका समाधान निर्धारित समय अवधि यानी 100 मिनट के अंदर करवाना सुनिश्चित करें।
29 मार्च को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ होगी बैठक
लोकसभा चुनाव को लेकर 29 मार्च को 3 बजे संयुक्त कार्यालय परिसर में विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिनिधियों की एक बैठक का आयोजन होगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा करेंगे। इस बैठक के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है।