हिसार में चोरी के बाद सीसीटीवी फुटेज चेक करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
हिसार में दिल्ली रोड पर टाटा टेल्मोस मोटर्स के सामने रहने वाले प्रॉपर्टी कारोबारी सतीश अग्रवाल के घर से चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को पांच नकाबपोश चोरों ने अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मकान मालिक सतीश अग्रवाल ने बताया कि चोरों ने गुरुवार रात करीब ढाई बजे वारदात को अंजाम दिया। मकान के साथ खाली प्लॉट से दीवार कूदकर चोर छत पर पहुंचे। वहां खिड़की को तोड़कर बरामदे में प्रवेश किया। इसके बाद पूरे घर के सभी कमरों में छानबीन करने के बाद नीचे बने कमरे में पड़ी करीब 60 साल पुरानी लोहे की अलमारी में पड़े सात लाख रुपये, करीब 50 तोले सोना और तीन किलो चांदी चोरी कर ली।
एएसपी पहुंची वारदात स्थल पर
वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी उपासना, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, सीआईए और अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए। चोरी की वारदात मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
मकान मालिक सतीश ने बताया कि उनके मकान में चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मकान में पांच चोर चेहरा ढककर प्रवेश करते हैं। उनमें से एक चोर पसीना साफ करने के लिए चेहरे पर बंधे कपड़े को खोल लेता है। जिससे उसका चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। चोर मकान में प्लास, पेचकस, कैंची व बैटरी (टॉर्च) के साथ घुसे। इन्हीं उपकरणों के सहारे अलमारी और खिड़की को तोड़ते हैं। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।