नारनौंद। हांसी विधायक विनोद भयाना के पैतृक गांव लोहारी राघो में पेयजल संकट को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना गुरुवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। विभाग के जेई मोहित ने जलघर का निरीक्षण कर पानी के टैंकों की सफाई शुरू करवाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाखड़ा नहर से पानी मिलते ही सबसे पहले गांव के टैंक पूरी क्षमता तक भरकर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।
ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अनियमित जलापूर्ति, जलघर की बदहाल स्थिति और लंबे समय से लंबित कार्यों का मुद्दा उठाया। जेई मोहित ने बताया कि 15 दिनों के भीतर जलघर के फिल्टर की भी सफाई करवाई जाएगी, ताकि पेयजल की गुणवत्ता बेहतर हो सके। लोहारी राघो माइनर से जलघर तक बनी नाली की मरम्मत ग्राम पंचायत कराएगी, जिससे पानी की आपूर्ति में बाधा नहीं आएगी।
ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में अवैध पेयजल कनेक्शनों की शिकायत भी की। विभाग ने सभी अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें हटाने का आश्वासन दिया ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समान रूप से पानी मिल सके।
2.36 करोड़ का प्रस्ताव मुख्यालय में लंबित
जेई मोहित ने बताया कि विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए मुख्यालय को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा नहर से मसूदपुर-पनिहारी लिंक में दो अगस्त को पानी आने की संभावना है। पूरे गांव की पेयजल पाइपलाइन और जलघर की मरम्मत के लिए 2.36 करोड़ रुपये का प्रस्ताव वर्ष 2025 में ही मुख्यालय भेजा गया था जिसे स्वीकृत कराने के प्रयास जारी हैं।
भाखड़ा नहर से पानी मिलते ही लोहारी राघो के टैंक प्राथमिकता के आधार पर भरे जाएंगे। टैंकों और फिल्टर की सफाई के साथ अवैध कनेक्शन हटाकर पेयजल व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
- मोहित, जेई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।