हिसार। नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखे तीन में से दो डी फ्रिज खराब पड़े हैं, ऐसे में गर्मी के कारण शुक्रवार को कक्ष में रखे दो शव बदबू मारने लगे। इससे परेशान होकर चिकित्सक और उनके सहयोगियों को धूप में खुले में रखे होकर शवों का पोस्टमार्टम करना पड़ा।
नागरिक अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम कक्ष बनाया हुआ है। इस पोस्टमार्टम कक्ष में शवों को रखने के लिए तीन डी फ्रिज रखे हैं। इन तीन में से दो डी फ्रिज एक साल से खराब हैं। यहां पर काम करने वाले कर्मचारी पीएमओ को इस बारे में कई बार लिखित में दे चुके हैं। इसके बाद भी अधिकारियों द्वारा फ्रिज को ठीक नहीं करवाया गया। एक डी फ्रिज चल रहा है लेकिन, कक्ष के अंदर रखा होने के उसकी गर्म हवा कमरे से बाहर जाने के बजाय कमरे के अंदर ही रहती है। ऐसे में कमरे का तापमान भी बढ़ जाता है।
गली सड़ी हालत में पड़े थे दो शव
चिकित्सक रामअवतार ने बताया कि शवगृह में दो अज्ञात शव दो दिन से रखे थे। दोनों शव गली-सड़ी हालत में थे। जिन शवों की पहचान नहीं होती उन्हें 72 घंटे के लिए शवगृह में रखा जाता है। पहले से शव गली सड़ी हालत में होने के कारण और गर्मी की वजह से उनकी हालत और ज्यादा खराब हो गई। पूरे शवगृह और आसपास के एरिया में बदबू फैल गई। पातन और भट्टू एरिया से शुक्रवार को शव आए हुए थे। बदबू होने के कारण उन्हें खुले में शवों का पोस्टमार्टम करना पड़ा। वहीं, सीएमओ डॉ. रत्ना भारती से बात की तो उनका कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, अगर ऐसा है तो जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे।