हिसार। मॉडल टाउन एरिया में घर के सामने खड़ी स्कूटी को वीरवार सुबह करीब सवा 7 बजे अज्ञात युवक मास्टर चाबी से 7 सेकेंड में चोरी कर ले गया। हालांकि वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। मॉडल टाउन मार्केट के व्यापारियों, आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप केस दर्ज कराया। वहीं, स्कूटी मालिक ने चोर को सुराग देने वाले को 5 हजार का पुरस्कार देने का एलान किया है।
मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन के प्रधान मनोज अरोड़ा ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी अशोक भल्ला की स्कूटी मकान नंबर 89 के सामने खड़ी थी। वीरवार सुबह 7:20 बजे लाल रंग की टीशर्ट और निक्कर में एक युवक आया। वह स्कूटी पर बैठा और मास्टर चाबी से महज 7 सेकेंड में स्कूटी स्टार्ट कर ले गया। स्कूटी नहीं मिलने पर जब मालिक ने सीसीटीवी फुटेज जांची तो चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी।प्रधान मनोज अरोड़ा ने कहा कि चोर को पकड़वाने में मदद करने वाले को स्कूटी मालिक अशोक भल्ला की ओर से 5 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। ब्यूरो