हिसार। जाट कॉलेज रोड पर उचाना के गांव डुमरखां कलां निवासी शुभम पर तेजाब डालने वाली युवती को शनिवार देर रात अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया। वहीं शुभम को एक कान से सुनाई देना बंद हो गया है, सोमवार को उसकी सर्जरी होगी।
वहीं, आरोपी युवती के भाई का कहना है कि शुभम के मोबाइल फोन में उसकी बहन की आपत्तिजनक फोटो है। उसकी बहन के साथ अन्याय हुआ है, उसे बेवजह फंसाया जा रहा है। वह अब अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। पुलिस ने शुभम के मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
एसिड अटैक के बाद झुलसे शुभम की हालत में कुछ ज्यादा सुधार नहीं है। उसके भाई दीपक का कहना है कि शुभम का कान पूरी तरह खराब हो चुका है। उसे उस कान से सुनाई भी नहीं दे रहा। सोमवार को नागरिक अस्पताल में उसकी सर्जरी करवाई जाएगी।