हिसार। कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और एचएयू के वीसी कांबोज को आचार संहिता का उल्लंघन करने पर नोटिस भेजने वाले निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जगदीप ढांडा को पद से हटा दिया है। उन्होंने 20 अगस्त को ही पदभार संभाला था। अभी उन्हें नई नियुक्ति के आदेश भी नहीं आए हैं। उनकी जगह हरबीर सिंह हिसार के नए एसडीएम और निर्वाचन अधिकारी होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार 25 दिन दिन पहले चुनाव की घोषणा के दिन हिसार के एसडीएम के तौर पर जगदीप सिंह को हिसार भेजा गया था। 26 अगस्त को हिसार के बिश्नोई मंदिर में धार्मिक आयोजन था, जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, आदमपुर विधायक भव्य बिश्नोई, फतेहाबाद विधायक दूड़ाराम, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, एचएयू के वीसी प्रो. बीआर कांबोज भी शामिल हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, फतेहाबाद विधायक दूड़ाराम के भाजपा के लिए वोट मांगने के वीडियो वायरल हुए थे। धार्मिक स्थल पर वोट मांगने के वीडियो वायरल होने पर हिसार विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी ने दोनों को नोटिस जारी किए थे। इसके अलावा एचएयू के कुलपति प्रो. कांबोज को भी कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ मंच पर दिखने पर उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। निर्वाचन अधिकारी ने एचएयू के वीसी के जवाब से संतुष्ट न होकर आचार संहिता उल्लंघन का दोषी मानते हुए आयोग को रिपोर्ट भेजी थी।